यूपी बोर्ड परिणाम 2026 घोषित, हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% छात्र सफल
UP Board Result 2026 declared, 90.42% students passed in high school and 80.38% in intermediate
IPN Live
Lucknow, 23 Apr, 2026 08:40 PMयूपी बोर्ड परिणाम 2026 घोषित, हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% छात्र सफल
*हाईस्कूल में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83% के साथ किया टॉप*
*इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स लिस्ट में सीतापुर की शिखा वर्मा (97.60%) ने हासिल किया प्रथम स्थान*
*15 कार्यदिवसों में 8,033 केंद्रों पर सम्पन्न हुई परीक्षाएं, 18 मार्च से 4 अप्रैल तक हुआ मूल्यांकन*
*हाईस्कूल में 26 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल, 23.52 लाख हुए उत्तीर्ण*
*इंटरमीडिएट में 24.86 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल, करीब 20 लाख पास*
*दोनों कक्षाओं में बालिकाएं रहीं आगे, पास प्रतिशत में लड़कों से काफी बढ़त*
लखनऊ, (IPN)। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गुरुवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परिणामों में हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% छात्र सफल घोषित किए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर संयुक्त रूप से बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) की कशिश वर्मा (97.83) और द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी) की अंशिका वर्मा (97.83%) रहीं। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स में प्रथम स्थान पर बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर) की शिखा वर्मा (97.60%) रहीं।
लखनऊ के राजाजीपुरम में बी ब्लॉक स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल कॉलेज में हाई स्कूल की अदरिजा चौरसिया ने 96.17 %, आरोही सिंह ने 96.17 प्रतिशत और आदित्य कुमार कुशवाहा ने 95.17 प्रतिशत अंक हासिल किया। इसी तरह इंटरमीडिएट की परीक्षा में आरची सिंह ने 93 % और भैरवी मौर्य ने 92.4% एवं समीक्षा राजपूत ने 91% अंक हासिल किया।
योगी सरकार की मंशा के अनुरूप बोर्ड परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सभी सफल छात्र छात्राओं को बधाई दी है और उनके बेहतर भविष्य की कामना की है।
*15 कार्यदिवसों में सफलतापूर्वक पूरा हुआ मूल्यांकन*
परीक्षा परिणाम 23 अप्रैल 2026 को सायं 4 बजे शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं बोर्ड के सभापति डॉ. महेंद्र देव तथा परिषद के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी किया गया। इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच प्रदेश के 8,033 परीक्षा केंद्रों पर 15 कार्यदिवसों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल 2026 के बीच कुल 254 मूल्यांकन केंद्रों पर कराया गया।
*हाईस्कूल में बेटियों ने फिर मारी बाजी*
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 26,01,381 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें 13,43,524 बालक और 12,57,857 बालिकाएं शामिल रहीं। इनमें से कुल 23,52,181 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित किए गए, जिससे कुल पास प्रतिशत 90.42 रहा। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.30 जबकि बालिकाओं का 93.76 प्रतिशत रहा, जो कि लड़कों से 6.46 प्रतिशत अधिक है। संस्थागत परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 90.51 रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 66.67 प्रतिशत दर्ज किया गया। हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 96,803 परीक्षकों द्वारा किया गया।
*इंटरमीडिएट में 80.38% रहा परिणाम*
दूसरी तरफ, इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 24,86,072 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 13,09,397 बालक और 11,76,675 बालिकाएं थीं। इनमें से 19,98,317 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए, जिससे कुल पास प्रतिशत 80.38 रहा। बालकों का पास प्रतिशत 75.04 और बालिकाओं का 86.32 प्रतिशत रहा, यानी बालिकाएं 11.28 प्रतिशत आगे रहीं। संस्थागत परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 80.47 और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 77.54 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 55,973 परीक्षकों द्वारा किया गया।
*प्रयोगात्मक परीक्षाएं व अन्य विवरण*
इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच दो चरणों में 18,007 परीक्षकों की निगरानी में सम्पन्न कराई गईं। आंशिक विषयों की परीक्षा में हाईस्कूल के 3,286 और इंटरमीडिएट के 58,134 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। कुल मिलाकर इस वर्ष भी यूपी बोर्ड परीक्षा में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की है, वहीं परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया।
*हाईस्कूल परीक्षा 2026 – टॉपर्स लिस्ट*
प्रथम स्थान (संयुक्त):
कशिश वर्मा – 97.83%
विद्यालय: बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर)
अंशिका वर्मा – 97.83%
विद्यालय: द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी)
द्वितीय स्थान:
अदिति – 97.50%
विद्यालय: द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी)
तृतीय स्थान (संयुक्त):
अर्पिता – 97.33%
विद्यालय: बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, सीतापुर
ऋषभ साहू – 97.33%
विद्यालय: लॉर्ड कृष्णा पब्लिक हाई स्कूल, झांसी
परी वर्मा – 97.33%
विद्यालय: द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर (बाराबंकी)
---------+
*इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 – टॉपर्स लिस्ट*
प्रथम स्थान:
शिखा वर्मा – 97.60%
विद्यालय: बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पिहानी (सीतापुर)
द्वितीय स्थान:
नंदनी गुप्ता – 97.20%
विद्यालय: सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज, खेरा (बरेली)
श्रिया वर्मा – 97.20%
विद्यालय: महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज (बाराबंकी)
तृतीय स्थान:
सुरभि यादव – 97.00%
विद्यालय: सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज, खेरा (बरेली)
पूजा पाल – 97.00%
विद्यालय: महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज (बाराबंकी)

No Previous Comments found.