लखनऊ विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस पर नौ विशिष्ट पुरातन छात्र होंगे सम्मानित
Nine distinguished alumni will be honored on the 106th Foundation Day of Lucknow University.
IPN Live
Lucknow, 23 Nov, 2026 12:39 PMसीआरपीएफ महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, महावीर चक्र विजेता कमोडोर अरविंद सिंह और न्यायमूर्ति बृजराज सिंह समेत नौ हस्तियों को मिलेगा डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड
लखनऊ, 23 नवम्बर 2026 (आईपीएन)। नैक (NAAC) से ए++ श्रेणी प्राप्त लखनऊ विश्वविद्यालय अपने 106वें स्थापना दिवस के अवसर पर 25 नवंबर को देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नौ विशिष्ट पुरातन छात्रों को प्रतिष्ठित 'डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड' से सम्मानित करेगा। सम्मानित होने वाली हस्तियों में प्रशासन, न्यायपालिका, सैन्य सेवा, परमाणु ऊर्जा, विज्ञान, ऊर्जा और कॉर्पोरेट जगत से जुड़ी विभूतियां शामिल हैं।
इन नौ हस्तियों को मिलेगा सम्मान
1\. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, आईपीएस: लखनऊ विश्वविद्यालय से भूविज्ञान में स्नातक और परास्नातक की शिक्षा प्राप्त करने वाले 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक हैं। वह असम के पुलिस महानिदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में महानिरीक्षक और विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) में दो पूर्व प्रधानमंत्रियों की सुरक्षा का नेतृत्व कर चुके हैं।
2\. कमोडोर अरविंद सिंह, एमवीसी, एनएम (सेवानिवृत्त): वर्ष 1979 में लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी करने वाले कमोडोर अरविंद सिंह भारतीय नौसेना के सबसे युवा महावीर चक्र विजेता हैं। उन्होंने वर्ष 1987 में श्रीलंका में ऑपरेशन पवन के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया था। भारतीय नौसेना की विशिष्ट इकाई मार्कोस की स्थापना में भी उनकी अग्रणी भूमिका रही है।
3\. न्यायमूर्ति बृजराज सिंह: इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ के न्यायाधीश बृजराज सिंह ने वर्ष 1995 में लखनऊ विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने भारत सरकार, भारतीय रेल, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग और लखनऊ विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दीं। वह 13 अक्टूबर 2021 को अपर न्यायाधीश और 13 मार्च 2023 को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त हुए।
4\. प्रो. राहुल पुरवार: आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर और इम्यूनोएक्ट के संस्थापक एवं सीईओ राहुल पुरवार ने लखनऊ विश्वविद्यालय से जैव रसायन में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे में देश का पहला सीएआर-टी सेल थेरेपी कार्यक्रम स्थापित किया। उनके नेतृत्व में विकसित भारत की पहली स्वदेशी एवं किफायती जीन थेरेपी 'नेक्सकार19' को अप्रैल 2024 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र को समर्पित किया था।
5\. धीरज पांडे: परमाणु खनिज अन्वेषण एवं अनुसंधान निदेशालय (एएमडी) के निदेशक और उत्कृष्ट वैज्ञानिक धीरज पांडे ने वर्ष 1987 में लखनऊ विश्वविद्यालय से भूविज्ञान में एमएससी की। राजस्थान में रोहिल यूरेनियम भंडार की खोज और विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्हें भारत सरकार ने राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार-2019 से सम्मानित किया है।
6\. अनुपम कुमार, आईएएस: नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में संयुक्त सचिव अनुपम कुमार ने लखनऊ विश्वविद्यालय से वर्ष 1994 में बीएससी और 1996 में भौतिकी में एमएससी की। उन्होंने विश्वविद्यालय में अध्यापन भी किया। 2003 बैच के आईएएस अधिकारी के रूप में वह रोहतास और मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी तथा बिहार के मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं।
7\. विशाल भारद्वाज, आईएएस: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के विशेष सचिव विशाल भारद्वाज ने लखनऊ विश्वविद्यालय से गणित, सांख्यिकी एवं अर्थशास्त्र में बीए और अर्थशास्त्र में एमए किया। वर्ष 1997 में प्रांतीय सिविल सेवा में चयनित होने के बाद वह 2013 बैच में आईएएस संवर्ग में प्रोन्नत हुए। वह सीतापुर, आजमगढ़ और कुशीनगर के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं।
8\. मनीष शुक्ला: ओएनजीसी में कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक (अन्वेषण) मनीष शुक्ला ने वर्ष 1989 में बीएससी और 1991 में भूविज्ञान में एमएससी की। वह एमएससी में स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। देश की ऊर्जा सुरक्षा और तेल एवं गैस अन्वेषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ उन्होंने ओएनजीसी के उत्कृष्टता केंद्र और पश्चिमी अपतटीय बेसिन में कई महत्वपूर्ण खोजों का नेतृत्व किया है।
9\. आनंद सिंह बिसेन: अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं उत्तर भारत के कॉर्पोरेट अफेयर्स प्रमुख आनंद सिंह बिसेन ने वर्ष 1991 में लखनऊ विश्वविद्यालय से बीए और 1996 में मास्टर ऑफ ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट की उपाधि प्राप्त की। उन्हें कॉर्पोरेट मामलों, नीतिगत समन्वय, मानव संसाधन और बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्र में 26 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
कुलपति ने बताया उपलब्धियों को विश्वविद्यालय का गौरव
कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि इन सभी विशिष्ट पुरातन छात्रों का जीवन और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में सभी नौ विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
#LucknowUniversity #DistinguishedAlumni #Lucknow #CRPF #IndianNavy #IITBombay #UttarPradesh #HigherEducation #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.