भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़कर ही मीडिया अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकता है : डॉ. सौरभ मालवीय
Media can discharge its responsibility only by connecting with the Indian knowledge tradition: Dr. Saurabh Malviya
IPN Live
Lucknow, 28 Nov, 2026 01:56 AMगोरखपुर, 27 नवंबर 2026 (आईपीएन)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिन्दी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग की ओर से शुक्रवार को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा और मीडिया’ विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता लखनऊ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि मीडिया की शुरुआत लोगों को उनके हक और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हुई थी, जबकि भारतीय ज्ञान परंपरा हमें अपने अधिकारों के साथ जीवन जीने का सही ढंग सिखाती है। आज के दौर में मीडिया की भूमिका बेहद गंभीर है और उसे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों से जुड़कर करना चाहिए।
डॉ. मालवीय ने कहा कि भारत का अर्थ ज्ञान में रत होना है। प्रकाश, धर्म, परोपकार, सत्य, सौंदर्य, उदारता और आनंद जैसे मूल्य भारतीय चिंतन के मूल में हैं। भारत की संस्कृति प्रकृति से उपजी है और उसका चिंतन परोपकार पर आधारित है। भारतीय ज्ञान परंपरा में जीवन के मूल्य और धर्म एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का मानना था कि जो संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्र अपने गौरवशाली अतीत पर गर्व नहीं करते, वे धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगते हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्धि उसके मूल्यों में निहित है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता, चाणक्य के विचारों और गुरु-शिष्य परंपरा के उदाहरणों से भारतीय चिंतन की विशेषताओं को रेखांकित किया।
पत्रकारिता में संवेदना, प्रतिभा और प्रस्तुतीकरण जरूरी
पत्रकारिता के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. मालवीय ने कहा कि पत्रकारिता का छात्र विशेष होता है, क्योंकि उसके भीतर संवेदना होती है। अखबार में काम करने वाले सीमित संख्या में पत्रकार लाखों लोगों की सोच और रुचियों को समझकर उनके अनुरूप खबरों का चयन और प्रस्तुतीकरण करते हैं। मीडिया के पास प्रतिभा, परिश्रम और प्रस्तुतीकरण (3P) के साथ कार्य, नेटवर्क और भाग्य (Work, Network and Luck) का भी समन्वय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर सूचना क्रांति के साथ नवचेतना का भी दौर है। ऐसे समय में मीडिया की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।
भारतीय ज्ञान परंपरा में समायोजन और निरंतरता का गुण : प्रो. राजवंत राव
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. राजवंत राव ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आज की मीडिया के बीच एक विरोधाभास दिखाई देता है। इस अंतर को समझने के लिए दोनों का अलग-अलग अध्ययन आवश्यक है। भारतीय ज्ञान परंपरा का विकास हजारों वर्षों की ऐतिहासिक प्रक्रिया में हुआ है। यह साहित्य, कला और मानवीय अनुभूतियों में अभिव्यक्त होती है तथा धीरे-धीरे मनुष्य के व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाती है। इसमें मनुष्य को एक-दूसरे से जोड़ने और स्वयं को निरंतर सृजित एवं पुनर्सृजित करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा की गति केवल चक्रीय नहीं, बल्कि शंखवलयाकार है।
वर्तमान मीडिया की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आज मीडिया अक्सर सनसनी पैदा करने और तात्कालिकता के आधार पर काम करता है, जबकि भारतीय ज्ञान परंपरा में समायोजन और निरंतरता का गुण है। आज की मीडिया कई बार सुविधाओं और तात्कालिक प्रभावों को प्राथमिकता देते हुए अपनी सांस्कृतिक एवं ज्ञान परंपरा से कटती दिखाई देती है। महात्मा गांधी की पत्रकारिता भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों से परिपूर्ण थी। उन्होंने टी.एस. इलियट के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सूचना की अधिकता कई बार ज्ञान को नष्ट करने का कारण बनती है।
परंपरा निरंतर आगे बढ़ने की देती है प्रेरणा : प्रो. विमलेश मिश्र
इस अवसर पर हिन्दी विभाग के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और मीडिया का संबंध वर्तमान समय का एक ज्वलंत विषय है। भारतीय ज्ञान परंपरा को अंग्रेजी में इंडियन नॉलेज सिस्टम कहा जाता है, लेकिन ‘सिस्टम’ का अनुवाद ‘परंपरा’ नहीं हो सकता। परंपरा केवल किसी व्यवस्था का नाम नहीं, बल्कि वह निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनीश कुमार चतुर्वेदी ने किया, जबकि आभार ज्ञापन पत्रकारिता पाठ्यक्रम के समन्वयक प्रो. राजेश कुमार मल्ल ने किया।
इस अवसर पर विभाग के प्रो. प्रत्यूष दुबे, डॉ. नरेन्द्र कुमार, डॉ. रामनरेश राम, डॉ. अभिषेक शुक्ल, डॉ. अखिल मिश्र, डॉ. अन्वेषण सिंह, अभय शुक्ल सहित विभाग के शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#IndianKnowledgeTradition #Media #Journalism #GorakhpurUniversity #SaurabhMalviya #IndianCulture #MediaEducation #JournalismStudents #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.