ठुमरी की भावाभिव्यक्ति और कथक के वैश्विक प्रचार में सोशल मीडिया की भूमिका पर डॉ. पाली चंद्रा ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

Dr. Pali Chandra sensitized the students on the expression of emotions in Thumri and the role of social media in the global promotion of Kathak.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 28 Nov, 2026 09:27 PM
ठुमरी की भावाभिव्यक्ति और कथक के वैश्विक प्रचार में सोशल मीडिया की भूमिका पर डॉ. पाली चंद्रा ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय कथक कलाकार डॉ. पाली चंद्रा का एक दिवसीय व्याख्यान आयोजित

लखनऊ, 28 नवंबर 2026 (आईपीएन)। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथक कलाकार, कोरियोग्राफर एवं नृत्य शिक्षाविद् डॉ. पाली चंद्रा का एक दिवसीय व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें उन्होंने ठुमरी की भावाभिव्यक्ति, कथक नृत्य में अभिनय की बारीकियों तथा भारतीय शास्त्रीय नृत्य के अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया की भूमिका पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।


डॉ. पाली चंद्रा ने लखनऊ घराने के प्रतिष्ठित गुरुओं गुरु विक्रम सिंह, कपिला राज और पंडित राम मोहन महाराज के सान्निध्य में 13 वर्षों तक कथक की गहन शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने व्याख्यान के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए कथक की अभिनय परंपरा और ठुमरी की भावप्रधान शैली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।


उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में सोशल मीडिया भारतीय शास्त्रीय कलाओं, विशेषकर कथक नृत्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए युवा कलाकार अपनी कला और प्रस्तुतियों को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।


डॉ. चंद्रा ने ठुमरी की भावाभिव्यक्ति पर चर्चा करते हुए बताया कि कथक में ठुमरी के माध्यम से भाव, अभिनय, मुखाभिनय और संचारी भावों की अभिव्यक्ति का विशेष महत्व है। उन्होंने विभिन्न भावों एवं अभिनय के व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को समझाया कि ठुमरी के बोलों के अनुरूप भावों का सृजन किस प्रकार किया जाता है और उन्हें नृत्य के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।


व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को ठुमरी की भावात्मक गहराई, कथक की अभिनय परंपरा और समकालीन डिजिटल माध्यमों के जरिए भारतीय शास्त्रीय नृत्य को वैश्विक पहचान दिलाने के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिला।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ उसे वैश्विक मंच पर स्थापित करना समय की आवश्यकता है। ठुमरी जैसी भावप्रधान विधा कथक की आत्मा है, जिसमें भाव, अभिनय और अभिव्यक्ति के माध्यम से कलाकार अपनी प्रस्तुति को जीवंत बनाता है।


उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. पाली चंद्रा के अनुभवों और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को कथक की बारीकियों को समझने तथा अपनी कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की प्रेरणा मिलेगी।


कार्यक्रम नृत्य विभाग के विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।

#BhatkhandeSanskritiUniversity #PaliChandra #Kathak #Thumri #IndianClassicalDance #KathakDance #SocialMedia #IndianCulture #Lucknow #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.