डीएवी कॉलेज में विधि के नवप्रवेशियों को मिला सफलता का मंत्र, नैतिक मूल्यों और अनुशासन पर जोर
DAV College Law freshers receive mantra for success, emphasis on moral values and discipline
IPN Live
Lucknow, 15 Oct, 2026 10:30 PMमंगल ग्रह पर जीवन की संभावनाओं और उसके विधिक प्रारूपण पर भी हुई चर्चा
लखनऊ, 15 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। डीएवी डिग्री कॉलेज, लखनऊ में विधि प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विधि शिक्षा, करियर की संभावनाओं और महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पं. भृगुदत्त तिवारी सभागार में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, कठिन परिश्रम और व्यक्तित्व विकास का महत्व बताया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, संयुक्त निदेशक, खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश; मुख्य वक्ता डॉ. कुमार स्कन्द पाण्डेय, निदेशक, बाल अधिकार केंद्र, लखनऊ; प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राजीव कुमार त्रिपाठी तथा विधि संकाय प्रभारी डॉ. आनन्द प्रकाश तिवारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।
विधि संकाय प्रभारी डॉ. आनन्द प्रकाश तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक परम्पराओं, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय के नियमों का पालन करने और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
महाविद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अध्ययन पद्धति, परीक्षा व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और छात्रोपयोगी सेवाओं की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, अनुशासन अपनाने और व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की सलाह दी।
मुख्य वक्ता डॉ. कुमार स्कन्द पाण्डेय ने उच्च नैतिक मूल्यों, सकारात्मक दृष्टिकोण और निरंतर ज्ञानार्जन को सफलता का आधार बताया। उन्होंने मंगल ग्रह पर भविष्य में जीवन की संभावनाओं और मानव नियंत्रण के विधिक प्रारूपण जैसे विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को छोटी-छोटी बातों से सीखने और निरंतर विकास के लिए प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राजीव कुमार त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, लगन और ईमानदारी के साथ शिक्षा ग्रहण करने की सलाह देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्येंद्र कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रवीन्द्र कुमार ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र कुमार, डॉ. गणेश प्रसाद यादव, प्रो. विनीता यादव, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रो. कल्याण दीक्षित, डॉ. प्रतीक गुप्ता, डॉ. मुकेश कुमार सहित अन्य शिक्षक और नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #DAVDegreeCollege #Lucknow #LegalEducation

No Previous Comments found.