सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करना ही सफल प्रबंधन का मंत्र : डॉ. राजेश्वर सिंह

Achieving big goals with limited resources is the mantra of successful management: Dr. Rajeshwar Singh

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 21 Nov, 2026 01:56 AM
सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करना ही सफल प्रबंधन का मंत्र : डॉ. राजेश्वर सिंह

युवाओं को दिया संदेश- नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें, नेतृत्व, निर्णय क्षमता और टीमवर्क से मिलती है सफलता

जयपुरिया इंस्टीट्यूट के OJAS 2026 में विद्यार्थियों से रूबरू हुए सरोजनीनगर विधायक, महाकुंभ प्रबंधन से लेकर ईडी और राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए

लखनऊ, 21 नवंबर 2026 (आईपीएन)। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक एवं प्रबंधन महोत्सव 'OJAS 2026' में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। 'MULTIVERSE' थीम और 'Explore. Create. Transcend.' टैगलाइन पर आधारित इस महोत्सव में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, नृत्य, संगीत, चित्रकला, फैशन एवं रैंप वॉक, विज्ञापन निर्माण, ट्रेजर हंट, गायन तथा बिक्री-विपणन से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्टैंडअप कॉमेडियन रजत चौहान की प्रस्तुति भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही।

मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने प्रशासनिक, पुलिस, प्रवर्तन और राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की वास्तविक परीक्षा सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करने, सही प्राथमिकताएं निर्धारित करने, सक्षम टीम तैयार करने और समय पर निर्णायक फैसले लेने में होती है। सफलता केवल संसाधनों की उपलब्धता पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उनका प्रभावी उपयोग ही किसी लक्ष्य को हासिल करने का आधार बनता है।

महाकुंभ प्रबंधन से समझाया नेतृत्व और निर्णय क्षमता का महत्व

वर्ष 2001 के महाकुंभ का उदाहरण देते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि 10 करोड़ से अधिक लोगों की सहभागिता वाले इस विराट आयोजन के प्रबंधन में सीमित संसाधनों के बावजूद सफलता का आधार जमीनी स्तर पर जाकर समस्याओं को समझना था। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता केवल कागजों पर उसकी उत्कृष्टता से नहीं, बल्कि धरातल पर उसके प्रभावी क्रियान्वयन से तय होती है।

ईडी में 750 अधिकारियों की टीम से जटिल मामलों की जांच का अनुभव साझा किया

प्रवर्तन निदेशालय में 15 वर्षों से अधिक के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 750 अधिकारियों और कर्मचारियों की सीमित क्षमता के बावजूद 2जी, राष्ट्रमंडल खेल और कोयला घोटाले जैसे जटिल मामलों की जांच में समय प्रबंधन, स्पष्ट प्राथमिकताओं और टीम के बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस सेवा के दौरान एक कुख्यात फरार अपराधी के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रसंग साझा करते हुए उन्होंने परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित, साहसिक और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की आवश्यकता समझाई। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल निर्देश देना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी लेना, टीम पर विश्वास करना और प्रत्येक सदस्य की क्षमता का सर्वोत्तम उपयोग करना है।

विधायक कार्यालय के प्रबंधन का उदाहरण देकर समझाई कार्यक्षमता

डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने विधायक कार्यालय के कार्यप्रबंधन का उल्लेख करते हुए बताया कि एक विधायक को आधिकारिक रूप से केवल तीन कर्मचारी उपलब्ध होते हैं, जबकि जनसमस्याओं और विकास से जुड़े विषयों का दायरा अत्यंत व्यापक होता है। इसके बावजूद पिछले लगभग साढ़े चार वर्षों में उनके कार्यालय से 19 हजार से अधिक पत्र जारी किए गए हैं। प्रत्येक पत्र किसी न किसी जनसमस्या, आवश्यकता अथवा जनहित के विषय को संबंधित विभाग और अधिकारी तक पहुंचाने का माध्यम बना है।

उन्होंने कहा कि सीमित मानव संसाधन में व्यापक कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध टीम, बेहतर समन्वय, समयबद्धता और निरंतर संवाद आवश्यक हैं। किसी संगठन की सफलता कर्मचारियों की संख्या से नहीं, बल्कि उसकी रणनीति, रचनात्मकता, निर्णय क्षमता और सामूहिक सामर्थ्य से निर्धारित होती है।

नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा

युवाओं को उद्यमशीलता के लिए प्रेरित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने इंफोसिस की स्थापना का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए बड़ी पूंजी अथवा विशाल कार्यबल से अधिक महत्वपूर्ण स्पष्ट दृष्टि, नवाचार और दृढ़ संकल्प है। युवाओं को नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने का लक्ष्य रखना चाहिए।

लखनऊ और सरोजनीनगर में विकसित हो रहे औद्योगिक एवं तकनीकी अवसरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने रक्षा गलियारे में ब्रह्मोस निर्माण, अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक बस निर्माण इकाई, एयरो सिटी और प्रस्तावित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना और निवेश अनुकूल वातावरण ने रोजगार एवं उद्यम के नए अवसर पैदा किए हैं। युवाओं को दूसरे महानगरों की ओर रुख करने से पहले लखनऊ और उत्तर प्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं को भी पहचानना चाहिए।

राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव बनाए रखें युवा

अपने संबोधन के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा और व्यावसायिक सफलता का अंतिम उद्देश्य केवल व्यक्तिगत समृद्धि नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन भी होना चाहिए। युवा दुनिया में कहीं भी कार्य करें, लेकिन राष्ट्र सर्वोपरि की भावना, भारतीय लोकतंत्र के प्रति सम्मान और समाजसेवा का संकल्प सदैव बनाए रखें।

इस अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉ. सुषमा विष्णानी, डीन अकादमिक डॉ. हेमेंद्र गुप्ता, डीन स्टूडेंट अफेयर्स डॉ. रश्मि चौधरी, डीन रिसर्च डॉ. आरती चंदानी और प्रशासन प्रमुख सुरेंद्र पाण्डेय सहित संस्थान के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। डॉ. राजेश्वर सिंह ने आयोजन की सफलता के लिए संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

#DrRajeshwarSingh #SarojiniNagar #OJAS2026 #JaipuriaInstitute #Lucknow #YouthEmpowerment #Entrepreneurship #Leadership #Management #SkillDevelopment #BrahMos #AI #UttarPradesh #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.