विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर लखनऊ विश्वविद्यालय में रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का संगम
A confluence of creativity and scientific temper at Lucknow University on World Pharmacist Day
IPN Live
Lucknow, 25 Sep, 2026 09:14 PMऔषधि सुरक्षा, जनस्वास्थ्य और AMR पर जागरूकता के लिए आयोजित हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा का दम
लखनऊ, (आईपीएन)। विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज में विभिन्न वैज्ञानिक, रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम "Empowering Pharmacists for Healthier Futures" तथा राष्ट्रीय उप-विषय "Swastha Bharat: Combating Antimicrobial Resistance (AMR)" रखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी रहे, जबकि संरक्षक के रूप में फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. एस. पी. सिंह तथा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के निदेशक प्रो. पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी शामिल रहे।
फार्मासिस्ट की भूमिका और AMR के प्रति जागरूकता पर रहा विशेष फोकस
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका, औषधियों के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक, भाषण, ई-पोस्टर प्रस्तुति, क्विज, स्लोगन, रील मेकिंग, लीफलेट मेकिंग, फार्माटून और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य, फार्मेसी, औषधि सुरक्षा, रोगाणुरोधी प्रतिरोध और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाई उत्कृष्टता
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में बी.फार्मा द्वितीय वर्ष की टीम ने प्रथम तथा डी.फार्मा प्रथम वर्ष की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में डीपीटीआई झा प्रथम और सौर्या सोनी द्वितीय स्थान पर रहे।
ई-पोस्टर प्रस्तुति में बी.फार्मा चतुर्थ वर्ष के यशस्वी सिंह प्रथम तथा बी.फार्मा तृतीय वर्ष के देवराज सिंह द्वितीय स्थान पर रहे।
क्विज प्रतियोगिता में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विवेक राय ने पहला और लखनऊ विश्वविद्यालय के एम.फार्मा प्रथम वर्ष के आयुष सोनी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
स्लोगन प्रतियोगिता में रिफत परवीन प्रथम रहीं, जबकि सत्यम तिवारी एवं प्रिसकिला संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे।
रील मेकिंग प्रतियोगिता में शेरिंग नूरबू ने पहला तथा अंश रस्तोगी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
लीफलेट मेकिंग प्रतियोगिता में आँचल यादव प्रथम और प्रथम वर्मा द्वितीय रहे।
फार्माटून प्रतियोगिता में प्रथम वर्मा ने पहला तथा देवराज सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया।
रंगोली प्रतियोगिता में बी.फार्मा तृतीय वर्ष की टीम प्रथम और डी.फार्मा प्रथम वर्ष की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को बनाया जीवंत
इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के निदेशक प्रो. पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम की सफलता पर छात्रों और शिक्षकों की सराहना की। कार्यक्रम में द्वितीय परिसर के अतिरिक्त प्रॉक्टर प्रो. अभिषेक तिवारी तथा अतिरिक्त छात्र कल्याण अधीक्षक डॉ. अर्चना सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बनाया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जनस्वास्थ्य, जिम्मेदार औषधि उपयोग, AMR जागरूकता तथा संचार कौशल को बढ़ावा मिला।
#WorldPharmacistsDay #LucknowUniversity #PharmaceuticalSciences #PharmacyEducation #AMR #AntimicrobialResistance #SwasthaBharat #Healthcare #PharmacistsDay2026 #Lucknow #UPNews #MedicalEducation #StudentTalent #AwarenessCampaign

No Previous Comments found.