लखनऊ विश्वविद्यालय के 10 छात्रों का HCL टेक में हुआ प्लेसमेंट, अब तक कुल 43 छात्रों का HCL में हुआ चयन
10 students of Lucknow University got placed in HCL Tech, till now a total of 43 students have been selected in HCL
IPN Live
Lucknow, 11 May, 2025 08:22 PMलखनऊ, (आईपीएन)। लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में अंतिम वर्ष (बैच 2025) के 10 मेधावी छात्रों का देश की अग्रणी आईटी कंपनी एचसीएल टेक में चयन हुआ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय, अभियांत्रिकी संकाय के डीन प्रो. ए. के. सिंह और केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल चयनित छात्रों का गौरव बढ़ाती है, बल्कि उन सभी विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देती है जो आज मेहनत की राह पर हैं। यह उपलब्धि आपकी मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयासों की पहचान है। आप सभी ने यह सिद्ध किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उस तक पहुंचने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं। यह सफलता आपके जीवन की पहली सीढ़ी है — इसे अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत मानें।
प्लेसमेंट सेल के एडिशनल डायरेक्टर डॉ हिमांशु पांडेय ने बताया कि एचसीएल टेक की बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया-रिज़्यूमे शॉर्टलिस्टिंग, अप्टिट्यूड टेस्ट, तकनीकी साक्षात्कार, बिज़नेस एचआर राउंड और कैंपस एचआर इंटरव्यू में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिसमे बी.टेक के सात छात्र-छात्राओं -राहुल वर्मा, हर्ष शर्मा, सूरज कुशवाहा, मानस सिंह, महेन्द्र प्रताप गौतम, हर्षित शुक्ला एवं नैंसी राज को ₹3.25 लाख प्रतिवर्ष के पैकेज पर “ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी” पद की पेशकश की गई। वहीं बीसीए की वर्तिका चौहान, बीबीए के अगमजोत सिंह चावला एवं बी.कॉम की शंखिनी श्रीवास्तव का चयन “ग्रेजुएट ट्रेनी” पद पर ₹2.4 लाख प्रतिवर्ष के पैकेज पर हुआ है।
डॉ. पांडेय ने यह भी जानकारी दी कि प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित तीन चरणों की चयन प्रक्रिया के माध्यम से अब तक कुल 43 छात्र-छात्राएं एचसीएल टेक में नियुक्त किए जा चुके हैं।

No Previous Comments found.