शराब पीने से रोका तो पत्नी की रस्सी से गला कसकर हत्या
When he stopped her from drinking, his wife strangled him to death with a rope.
IPN Live
Lucknow, 16 Oct, 2026 12:41 AMमोहनलालगंज के धनुवासाड़ गांव में वारदात, बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज; आरोपी पति हिरासत में
लखनऊ, 15 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धनुवासाड़ गांव में बुधवार देर रात शराब पीने से मना करने पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर रस्सी से गला कसकर अपनी 40 वर्षीय पत्नी रेखा देवी की हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर कमरे में पहुंचे बेटे-बेटी मां की हालत देखकर बदहवास हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पति राधाकृष्ण गौतम को हिरासत में ले लिया है। बड़े बेटे प्रभात गौतम की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
शराब पीने से रोकने पर भड़का पति
धनुवासाड़ गांव निवासी राधाकृष्ण गौतम अपनी पत्नी रेखा देवी, तीन बेटों और एक बेटी के साथ रहता था। पुलिस के मुताबिक, राधाकृष्ण शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। आरोप है कि नशे की हालत में वह अक्सर पत्नी और बच्चों से विवाद करता था।
बताया गया कि बुधवार देर रात राधाकृष्ण नशे की हालत में घर पहुंचा। पत्नी रेखा देवी ने उसे शराब पीने से मना किया तो वह भड़क उठा। इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान राधाकृष्ण ने रस्सी से गला कसकर रेखा देवी की हत्या कर दी।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की सूचना पर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक, मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, बड़े बेटे प्रभात गौतम की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #LucknowNews #Mohanlalganj #CrimeNews #UttarPradesh

No Previous Comments found.