यूपी एटीएस को बड़ी कामयाबी: 30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू मुठभेड़ में ढेर

Major success for UP ATS: Naxalite commander Brijesh Ganjhu, carrying a bounty of Rs 30 lakh, killed in encounter

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 20 Sep, 2026 05:39 PM

ए. अहमद सौदागर

लखनऊ/वाराणसी, (IPN)। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) को रविवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी। वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के कुख्यात कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मार गिराया गया। उस पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, एटीएस को सूचना मिली थी कि बृजेश गंझू अपने एक साथी के साथ बाइक से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई एटीएस टीम ने लंका मैदान के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ छिड़ गई।

मुठभेड़ के दौरान चली गोलियों में एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां आ लगीं। जैकेट होने के कारण दोनों पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और बड़ी अनहोनी टल गई।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बृजेश गंझू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, बृजेश गंझू झारखंड के छतरा जिले का रहने वाला था और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीपीसी का सक्रिय कमांडर था। वह कई पुलिसकर्मियों की हत्या, रंगदारी, अवैध हथियारों के नेटवर्क और अन्य गंभीर मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

उसकी गिरफ्तारी पर झारखंड सरकार ने 25 लाख रुपये तथा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थीं।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

#UPATS #VaranasiEncounter #BrijeshGanjhu #NaxalCommander #TPC #Encounter #UPPolice #NIA #Jharkhand #BreakingNews #CrimeNews #SecurityForces #LawAndOrder #Varanasi #ATSOperation

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.