यूपी एसटीएफ का ट्रिपल एक्शन: ठग, मास्टर हैकर और फर्जी दस्तावेज गैंग का सरगना गिरफ्तार

UP STF's triple action: Conman, master hacker and kingpin of fake document gang arrested

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 24 Sep, 2026 08:43 AM
यूपी एसटीएफ का ट्रिपल एक्शन: ठग, मास्टर हैकर और फर्जी दस्तावेज गैंग का सरगना गिरफ्तार

लखनऊ, 23 सितम्बर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अपराध की तीन अलग-अलग दुनिया में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सोने की ठगी करने वाले गिरोह, ऑनलाइन परीक्षा में सेंध लगाने वाले मास्टर हैकर और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के सरगना समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की इन कार्रवाइयों से संगठित अपराध, साइबर फ्रॉड और दस्तावेजी जालसाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

सोने की कतरन से भरोसा, नकली गिन्नियों से करोड़ों की ठगी

एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने मीरजापुर से अजय बिन्द और बृजेश उर्फ बलराम को गिरफ्तार कर एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो असली सोने की छोटी कतरन दिखाकर व्यापारियों को नकली सोने की गिन्नियां थमा देता था।

आरोपियों के कब्जे से 33 पीले रंग की नकली गिन्नियां और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जांच में पता चला कि गिरोह पहले आर्थिक रूप से सक्षम दुकानदारों की रेकी करता था और फिर स्थानीय भाषा में कॉल कर उन्हें यह झांसा देता था कि किसी मजदूर को खुदाई के दौरान भारी मात्रा में सोना मिला है, जिसे वह डर के कारण बाजार में नहीं बेच पा रहा।

विश्वास जीतने के लिए गिरोह असली सोने का छोटा टुकड़ा जांच के लिए देता था। जब दुकानदार भरोसा कर लेता, तो उसे सुनसान स्थान पर बुलाकर लाखों रुपये लेकर नकली गिन्नियां थमा दी जाती थीं। एसटीएफ के अनुसार गिरोह करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। मीरजापुर और चुनार में दर्ज कई मामलों का खुलासा भी इसी गिरफ्तारी से हुआ है।

एसएससी जीडी परीक्षा में सेंध लगाने वाला 'डेविल' दबोचा

दूसरी बड़ी कार्रवाई में एसटीएफ ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की जीडी कॉन्स्टेबल ऑनलाइन परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर के जरिए धांधली कराने वाले कुख्यात हैकर अरुण कुमार उर्फ डेविल को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के मुताबिक, डेविल परीक्षा माफियाओं के लिए तकनीकी सिस्टम विकसित करता था। उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर परीक्षा सर्वर की महत्वपूर्ण फाइलों में बदलाव कर ऐसा नेटवर्क तैयार किया था, जिससे परीक्षा केन्द्र के बाहर बैठकर अभ्यर्थियों के कम्प्यूटर नियंत्रित किए जा सकें।

इस मामले में पूर्व में सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 50 लाख रुपये नकद सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व प्रॉक्सी सर्वर बरामद हुए थे। जांच में सामने आया कि डेविल कई राज्यों के परीक्षा माफियाओं के संपर्क में था और पहले भी ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली के मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है।

फर्जी आधार और जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले गैंग का सरगना भी गिरफ्तार

एसटीएफ ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना इम्तियाज सिद्दीकी राइन तथा उसके सहयोगी मो. तलहा खान को लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपी मुंबई के पायधुनी थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित थे। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह बिना वैध दस्तावेजों के आधार कार्ड में बदलाव कराता था और उसी के आधार पर पैन कार्ड सहित अन्य पहचान पत्र तैयार किए जाते थे। एक दस्तावेज में संशोधन के लिए पांच से दस हजार रुपये तक वसूले जाते थे।

आरोपी लंबे समय से फर्जी दस्तावेजों का नेटवर्क संचालित कर रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। दोनों के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अपराध की तीन दुनिया, एसटीएफ का एक्शन एक

सोने की ठगी, परीक्षा माफिया और फर्जी दस्तावेजों के कारोबार पर एक साथ की गई इन तीन बड़ी कार्रवाइयों ने यह साबित कर दिया है कि एसटीएफ अब पारंपरिक अपराधों के साथ-साथ साइबर और तकनीकी अपराधों पर भी लगातार शिकंजा कस रही है। महज कुछ दिनों के भीतर हुई इन गिरफ्तारियों ने करोड़ों रुपये की ठगी, प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता से खिलवाड़ और दस्तावेजी जालसाजी के बड़े नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।

रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर

#UPSTF #STFAction #LucknowNews #BreakingNews #CrimeNews #UPPolice #Mirzapur #CyberCrime #ExamMafia #SSCGD #MasterHacker #DevilHacker #FakeDocuments #AadhaarFraud #GoldFraud #FraudGangBusted #PoliceAction #CrimeAlert #UttarPradeshNews #HindiNews #Exclusive #TopStory #TrendingNews #LawAndOrder #CyberFraud #DocumentFraud #STFSuccess #AhmedSaudagar #IndiaNews #ViralUpdate

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.