यूपी STF की बड़ी कार्रवाई, असलहों के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
UP STF arrests five smugglers with weapons in major action
IPN Live
Lucknow, 16 Sep, 2026 08:48 AMलखनऊ/गोरखपुर, 16 सितंबर। (आईपीएन) उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध असलहों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार अवैध पिस्टल, एक रिवाल्वर, मैगजीन, पांच कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी तथा 1250 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के डीएसपी डीके शाही के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि असलहों की सप्लाई करने वाला गिरोह गोरखपुर के पैडलेगंज क्षेत्र से होकर कहीं तस्करी के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान बिहार के गोपालपुर निवासी श्रेयांस यादव उर्फ बबलू, देवरिया निवासी अजीत यादव, गोरखपुर निवासी अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी तथा राहुल गुप्ता के रूप में बताई।
डीएसपी डीके शाही के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो गोरखपुर समेत उत्तर प्रदेश तथा अन्य राज्यों में अवैध असलहों की तस्करी करते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन हथियारों को 15 से 20 हजार रुपये में अपराधियों को बेचते थे।
एसटीएफ ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
- ए. अहमद सौदागर

No Previous Comments found.