मलिहाबाद में तालाब में मिला तीन दिन से लापता 25 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
The body of a 25-year-old man, missing for three days, was found in a pond in Malihabad, with suspicion of murder; the post-mortem report will reveal the mystery of his death.
IPN Live
Lucknow, 30 Aug, 2026 03:05 PMलखनऊ, 30 अगस्त 2026 (आईपीएन)। राजधानी के मलिहाबाद क्षेत्र के भुलसी गांव में शुक्रवार से लापता 25 वर्षीय विकास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर स्थित तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। बेटे की तलाश कर रहे परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान विकास के रूप में की।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि विकास शुक्रवार से लापता था, ऐसे में तालाब में उसका शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। वहीं पुलिस का कहना है कि शव पर प्रथम दृष्टया कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच में मृतक के शराब पीने का आदी होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन में जुटी है।
रिपोर्ट : ए. अहमद सौदागर

No Previous Comments found.