शिवा शर्मा मौत कांड: नेपाल में छिपने की आशंका, इनामी श्रद्धा दुबे और साथियों की तलाश तेज
Shiva Sharma death case: Feared to be hiding in Nepal, search intensifies for rewardee Shraddha Dubey and associates
IPN Live
Lucknow, 14 Oct, 2026 08:55 PMश्रद्धा, बहन रश्मि और चालक तनवीर पर 25-25 हजार का इनाम; रायबरेली समेत सीमावर्ती जिलों में पुलिस की दबिश
ए. अहमद सौदागर
लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईपीएन)। कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक तनवीर उर्फ दानिश की तलाश में पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद हजरतगंज पुलिस की टीमें रायबरेली समेत सीमावर्ती जिलों में दबिश दे रही हैं। आरोपितों के नेपाल में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की आधा दर्जन टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले से जुड़े कुछ लोगों से भी पूछताछ की गई है, लेकिन आरोपितों के ठिकाने के बारे में अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ने की उम्मीद है।
चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत
बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर चोट के दस निशान मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद मामले में श्रद्धा दुबे समेत अन्य आरोपितों की भूमिका जांच के दायरे में आई।
लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की बात आई सामने
बताया जाता है कि श्रद्धा और शिवा पिछले कुछ महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों के बीच संबंधों और पैसों को लेकर विवाद की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में किसकी क्या भूमिका रही, इसका खुलासा आरोपितों की गिरफ्तारी और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हैं।
#ShivaSharmaCase #ShraddhaDubey #LucknowCrime #HazratganjPolice #LucknowPolice #UPPolice #CrimeNews #LucknowNews #UPNews #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.