मोहनलालगंज हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: सामूहिक दुष्कर्म के बाद बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
Sensational revelation of Mohanlalganj murder case: Elderly woman beaten to death after gang rape, two accused arrested
IPN Live
Lucknow, 26 Sep, 2026 12:14 PMपुलिस ने 48 घंटे के भीतर किया राजफाश, गांव के ही दो नशेड़ियों ने कबूला जुर्म
लखनऊ, (आईपीएन)। मोहनलालगंज क्षेत्र के पद्मिनखेड़ा गांव में 60 वर्षीय महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी थी और शव को एक अर्धनिर्मित भूखंड में फेंककर फरार हो गए थे।
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज रामबाबू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा करते हुए पद्मिनखेड़ा गांव निवासी राजेश उर्फ गुड्डू पुत्र राम प्रसाद तथा हरिराम रावत पुत्र बुधई को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शुरू से ही आरोपियों पर शक था। घटना के बाद एक आरोपी घटनास्थल से कुछ दूरी पर नशे की हालत में पड़ा मिला था, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
गौरतलब है कि पद्मिनखेड़ा गांव में एक अर्धनिर्मित मकान के परिसर में 60 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म तथा गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी। मृतका पिछले सात वर्षों से गांव निवासी राजेन्द्र के अर्धनिर्मित मकान में रह रही थी, जबकि उसका खुद का घर कुछ दूरी पर स्थित था।
पुलिस के अनुसार घटना वाली रात महिला अर्धनिर्मित मकान में मौजूद थी। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे महिला के साथ शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि नशे में धुत दोनों युवकों ने महिला के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया और पहचान उजागर होने के डर से उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
रिपोर्ट: ए. अहमद सौदागर
#Lucknow #Mohanlalganj #CrimeNews #MurderCase #PoliceDisclosure #UPPolice #CrimeUpdate #LucknowNews #BreakingNews #Justice #WomenSafety #LawAndOrder #IPNNews #AhmedSaudagar #UttarPradeshNews

No Previous Comments found.