लखनऊ पुलिस की बहादुरी को सलाम, गोमती में कूदे चालक को आरक्षी ने बचाया
Salute to the bravery of Lucknow Police, constable rescues driver who jumped into Gomti river
IPN Live
Lucknow, 30 Sep, 2026 05:25 PMकर्ज की किस्तों से परेशान होकर ओला-उबर चालक ने लगाई थी गोमती में छलांग, आरक्षी अवधेश कुमार ने नाव चलाकर बचाई जान
लखनऊ, 30 सितंबर 2026 (आईपीएन)। मदयेगंज थाना क्षेत्र के कुड़ियां घाट के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कर्ज की किस्तें जमा न कर पाने से परेशान एक 22 वर्षीय ओला-उबर चालक ने जान देने की नीयत से गोमती नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मदयेगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में शामिल आरक्षी अवधेश कुमार ने बिना समय गंवाए खुद नाव संभाली और गोमती नदी में डूब रहे युवक की ओर बढ़ गए। कड़ी मशक्कत के बाद आरक्षी ने युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया। पुलिस की इस तत्परता और आरक्षी की बहादुरी से युवक की जान बच गई।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी 22 वर्षीय युवक चिनहट क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है और ओला-उबर ऐप के जरिए कार चलाकर अपना जीवन यापन करता है। उसने कार लोन पर ली थी, जिसकी किस्तें जमा न हो पाने के कारण वह काफी समय से आर्थिक दबाव में था।
बताया गया कि लोन की किस्त जमा करने के लिए संबंधित कर्मचारी लगातार उसके घर पहुंचकर तकादा कर रहे थे। लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव और मानसिक परेशानी के बीच बुधवार को युवक मदयेगंज थाना क्षेत्र के कुड़ियां घाट पहुंचा और गोमती नदी में छलांग लगा दी।
उपनिरीक्षक गणेश कुमार के अनुसार, पूछताछ में युवक ने बताया कि कार की लोन की किस्तें जमा नहीं हो पा रही थीं, जिसके चलते वह बेहद परेशान था। इसी परेशानी में उसने आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर शांत कराया और उसके परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया। वहीं, आरक्षी अवधेश कुमार की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की पुलिस विभाग में सराहना हो रही है। पुलिस उपायुक्त मध्य ने आरक्षी की बहादुरी पर पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
आरक्षी अवधेश कुमार की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में पुलिस की तत्परता किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#IPNLIVE #ipnnews #ipn #IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #LucknowPolice #LucknowNews #PoliceBravery #GomtiRiver #UPPolice #CrimeNews #BreakingNews

No Previous Comments found.