काकोरी में प्रेमा देवी हत्याकांड का राजफाश, पहला पति गिरफ्तार
Prema Devi murder case in Kakori solved, first husband arrested
IPN Live
Lucknow, 18 Sep, 2026 08:35 PMनाबालिग बेटे के साथ मिलकर हत्या करने का पुलिस का दावा, घटना में इस्तेमाल खून से सना बांका बरामद
गोहरामऊ गांव के बाहर आम की बाग के पास नहर की पटरी पर फेंका था शव, नाबालिग पुत्र पुलिस संरक्षण में
रिपोर्ट: ए. अहमद सौदागर
लखनऊ, 18 सितंबर 2026 (आईपीएन)। काकोरी थाना क्षेत्र के गोहरामऊ गांव के बाहर आम की बाग के पास नहर की पटरी पर गुरुवार सुबह मिले 32 वर्षीय प्रेमा देवी के शव के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को राजफाश करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेमा देवी की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पहले पति राजू यादव ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी पहले पति राजू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग पुत्र को पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शव मिलने के बाद दर्ज हुई थी नामजद रिपोर्ट
गोहरामऊ गांव के बाहर नहर की पटरी पर खून से लथपथ शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पहचान होने के बाद गोहरामऊ निवासी प्रदीप यादव की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचा
अधिकारियों के निर्देश पर इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चन्द्र राठौर की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए सेमरामऊ गांव निवासी राजू यादव पुत्र जमुना प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे मृतका के नाबालिग बेटे को भी संरक्षण में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
करीब 18 वर्ष पहले हुई थी पहली शादी
पुलिस के मुताबिक, भुलई खेड़ा गांव निवासी प्रेमा देवी की शादी करीब 18 वर्ष पहले राजू यादव से हुई थी। दोनों का करीब 17 वर्षीय बेटा है। पुलिस का कहना है कि करीब दस माह पहले प्रेमा देवी ने पड़ोस में रहने वाले प्रदीप यादव से कोर्ट मैरिज कर ली थी और इसके बाद वह गोहरामऊ में अपने दूसरे पति के साथ रहने लगी थी।
सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होने से नाराज था आरोपी
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चन्द्र राठौर के मुताबिक, पूछताछ में राजू यादव ने पुलिस को बताया कि प्रेमा देवी के दूसरे व्यक्ति से शादी कर उसके साथ रहने से वह नाराज था। आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसे लगता था कि इस घटना से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और लोग उसका मजाक उड़ाते थे।
पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी में राजू यादव ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर प्रेमा देवी की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद शव को गोहरामऊ गांव के बाहर आम की बाग के पास नहर की पटरी पर फेंक दिया गया।
खून से सना बांका बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना बांका बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब हत्या में नाबालिग की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #ipnlive #ipnnews #ipn #Lucknow #Kakori #CrimeNews #MurderCase #Police

No Previous Comments found.