20 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस, बुजुर्ग छिदाना के कातिल बेखौफ
Police empty-handed even after 20 days, murderer of elderly Chhidana undeterred
IPN Live
Lucknow, 8 Oct, 2026 07:55 PMअफसरों की सख्ती भी बेअसर, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के बावजूद नहीं मिला हत्यारों का सुराग
खुर्रमपुर हत्याकांड में पुलिस की जांच पर उठे सवाल, परिजनों की बढ़ रही बेचैनी
लखनऊ, 8 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। बंथरा थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव में 18 सितंबर 2026 की रात घर में अकेली रह रहीं 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला छिदाना गौतम की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद हत्यारे फरार हो गए। घटना को 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा सकी है कि छिदाना गौतम की हत्या किसने और किस वजह से की।
सर्विलांस और मुखबिर तंत्र भी बेअसर
सनसनीखेज हत्याकांड का राजफाश करने के लिए पुलिस ने सर्विलांस के साथ जमीनी मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदिग्धों से पूछताछ भी की गई, लेकिन जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस की कई टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी होने के बावजूद अब तक कोई ऐसा ठोस सुराग सामने नहीं आया है, जिससे हत्याकांड की कड़ियां जुड़ सकें।
अफसर कस रहे पेंच, जांच वहीं की वहीं
संगीन घटनाओं के खुलासे को लेकर पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी लगातार समीक्षा बैठक कर मातहतों के पेंच कस रहे हैं। इसके बावजूद खुर्रमपुर हत्याकांड की जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली और उसकी जांच-पड़ताल पर सवाल उठने लगे हैं।
पहले भी कई मामलों में नहीं पहुंची पुलिस कातिलों तक
लखनऊ पुलिस के सामने यह पहली ऐसी चुनौती नहीं है। राजधानी में इससे पहले हुई कई संगीन वारदातों के मामलों में भी पुलिस हत्यारों तक पहुंचने में नाकाम रही है।
काकोरी क्षेत्र के इब्राहिमपुर मदारपुर गांव में एक महिला की हत्या कर शव फेंके जाने के मामले में भी पुलिस अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। लगातार लंबित होते संगीन मामलों से पुलिस की जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजनों को खुलासे का इंतजार
छिदाना गौतम हत्याकांड में 20 दिन बीतने के बाद भी हत्यारों का पता नहीं चलने से परिजन निराश हैं। उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बुजुर्ग महिला की हत्या किसने और क्यों की। पुलिस के सामने अब चुनौती सिर्फ हत्यारों की पहचान करने की नहीं, बल्कि वारदात की वजह और उसके पीछे छिपे पूरे घटनाक्रम को सामने लाने की भी है।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #LucknowNews #LucknowPolice #Banthra #Khurrampur #CrimeNews #MurderCase #UPPolice #CrimeUpdate #BreakingNews

No Previous Comments found.