UP के उन्नाव में नौकरी के पहले दिन फंदे से लटकी मिली नर्स, गैंगरेप और हत्या का आरोप
Nurse found hanging from a noose on the first day of her job in Unnao, UP, accused of gang-rape and murder
IPN Live
Lucknow, 1 May, 2022 07:46 PMउन्नाव, 01 मई 2022 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव ज़िले के एक अस्पताल में 18 साल की एक नर्स की लाश दीवार से लटकी मिली है.
पीड़िता के घरवालों ने अपनी बेटी के साथ गैंगरेप और हत्या का केस दर्ज कराया है. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है. वहीं अस्पताल को सील कर दिया गया है.
अस्पताल में बतौर नर्स युवती का ये नौकरी का पहला ही दिन था. उन्नाव के बांगरमऊ के दुल्लापुरवा में ये अस्पताल पांच दिन पहले ही खुला था.
25 अप्रैल को क्षेत्रीय विधायक ने न्यू जीवन हॉस्पिटल का उदघाटन किया था. मृत युवती पास के गांव की निवासी थी.
लड़की के मामा ने बताया,"शुक्रवार शाम जब युवती हॉस्पिटल गई तो वहां कोई मरीज नहीं था. लड़की ने पास में ही किराए पर कमरा लिया था और वो अपने कमरे पर वापस आ गई. देर रात करीब 10 बजे उसे फोन कर वापस नर्सिंग होम बुलाया गया, जहाँ उसके साथ रेप करके उसकी हत्या कर दी गई."
सूचना पाकर पहुँचीं मां ने बताया, "शनिवार सुबह अस्पताल से फोन आया कि बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. जब मैं अस्पताल पहुंचीं तो देखा कि बेटी का शव छत में बने पिलर की सरिया से लटक रहा था. नौकरी के कारण ही बेटी ने दो-तीन दिन पहले पास में कमरा लिया था."
मां ने बताया उनकी आठ बेटियाँ है, और जिस बेटी की मौत हुई वह चौथे नंबर पर थी. युवती की तीन बड़ी बहनें भी नौकरी करती हैं. पिता की मौत 10 साल पहले हो गई थी. तब से बेटियां ही घर का खर्च चलाती हैं. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने 'खुद कमाते हुए नर्स बनने की पढ़ाई पूरी की थी'.
उन्नाव के एएसपी शशि शेखर ने बताया कि युवती के गांव से अस्पताल की दूरी 15 किलोमीटर थी, इसलिए वह किराए पर कमरा लेकर अस्पताल के पास ही रहती थी.
उन्होंने कहा,"युवती के मुंह पर मास्क लगा हुआ था. हाथों में एक कपड़ा फंसा हुआ था. दोनों हाथ सीने और दीवार के बीच दबे हुए थे. वह कपड़ा किसका है. इसकी जाँच की जा रही है. फिलहाल अस्पताल को सील कर दिया गया है."
बांगरमऊ इंस्पेक्टर बृजेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों के ख़िलाफ़ रेप और हत्या का केस दर्ज किया गया है.
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जब अस्पताल पहुंची तो वहां संचालक समेत तीनों अभियुक्त मौजूद थे.

No Previous Comments found.