LUCKNOW CRIME NEWS : गोसाईगंज में महिला की संदिग्ध हालात में मौत, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
LUCKNOW CRIME NEWS: Woman dies under suspicious circumstances in Gosaiganj, suspicion of murder after rape
IPN Live
Lucknow, 24 Aug, 2026 12:52 AMपूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बहेड़ा गांव के पास झाड़ियों में मिला शव, पहचान नहीं हो सकी
पुलिस का दावा—शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
लखनऊ, 23 अगस्त 2026 (आईपीएन)। राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब सात बजे एक करीब 50 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाराबंकी जाने वाली लेन के पास बहेड़ा गांव के निकट सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
शव मिलने की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड तथा फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ महिला की पहचान कराने का प्रयास भी किया, लेकिन देर रात तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
झाड़ियों में पड़ा मिला महिला का शव
जानकारी के मुताबिक गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाराबंकी जाने वाले रोड स्थित बहेड़ा गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
महिला ने पिंक रंग का सूट, काले रंग की सलवार और भूरे रंग का दुपट्टा पहन रखा था। उसके दाहिने हाथ में हरे और लाल रंग की चूड़ियां थीं। पुलिस के मुताबिक महिला की चप्पल मौके पर नहीं मिली।
डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शव मिलने की सूचना के बाद अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
स्थानीय लोगों ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस संभावना से फिलहाल इनकार नहीं किया जा सकता। घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक महिला के शरीर पर प्रथम दृष्टया कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किस वजह से हुई और परिस्थितियां क्या थीं।
उन्होंने बताया कि आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को बुलाकर महिला के शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। मृतका की तस्वीर आसपास के जिलों के थानों में भी भेजी गई है, ताकि उसकी पहचान कराई जा सके।
पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।
#ipnlive #ipnnews #ipn #Lucknow #Gosainganj #LucknowNews #CrimeNews #UPPolice #PurvanchalExpressway #WomenSafety #UttarPradeshNews

No Previous Comments found.