जमीन दिखाने के बहाने अपहरण, फिरौती न मिलने पर केजीएमयू कर्मी समेत दो की हत्या

Kidnapped on the pretext of showing land, two people including a KGMU employee murdered when ransom was not paid.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 3 Oct, 2026 11:49 AM
जमीन दिखाने के बहाने अपहरण, फिरौती न मिलने पर केजीएमयू कर्मी समेत दो की हत्या

पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार, घाघरा नदी में फेंके शव

पवन कुमार गर्ग की चेन-अंगूठी और वारदात में इस्तेमाल दो वाहन बरामद

लखनऊ, 3 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र से करीब एक सप्ताह पहले लापता हुए केशव नगर निवासी 45 वर्षीय केजीएमयू कर्मी पवन कुमार गर्ग और उनके साथी सचिन की अपहरण के बाद हत्या किए जाने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों की रस्सी से गला कसकर हत्या करने के बाद शवों को घाघरा नदी में फेंक दिया गया। मामले का राजफाश करते हुए इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र की टीम ने सर्विलांस की मदद से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जमीन खरीदने की बात जानकर रची साजिश

डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के मुताबिक पवन कुमार गर्ग के पास 50 से 60 लाख रुपये होने और जमीन खरीदने की जानकारी आरोपितों को थी। इसी के बाद उन्हें जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर अपहरण और फिरौती मांगने की साजिश रची गई।

पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर 2026 की रात मुख्य साजिशकर्ता नितिन मिश्रा ने फोन कर पवन कुमार गर्ग को भिटौली क्रॉसिंग पर बुलाया। पवन अपने साथी सचिन विश्वकर्मा के साथ वहां पहुंचे, जिसके बाद आरोपित उन्हें अपने साथ ले गए।

ढाबे पर शराब पी, फिर आगे बढ़ी साजिश

पुलिस के मुताबिक आरोपित पवन और सचिन को इटौंजा क्षेत्र स्थित न्यू फौजी ढाबे पर ले गए। वहां शराब पीने और खाना खाने के बाद सभी के बीच बातचीत हुई। इसके बाद दोनों को एक निर्माणाधीन मकान में ले जाया गया।

50 लाख की फिरौती मांगी

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि निर्माणाधीन मकान में पवन कुमार गर्ग से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। पवन ने रुपये देने में असमर्थता जताई।

पुलिस के मुताबिक आरोपितों को डर था कि दोनों को छोड़ने पर वे पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दे देंगे। इसी आशंका में आरोपितों ने कथित तौर पर पवन कुमार गर्ग और उनके साथी सचिन की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी।

घाघरा नदी में फेंकने का दावा

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपित दोनों शवों को महमूदाबाद होते हुए चलहरी घाट ले गए और घाघरा नदी में फेंक दिया। हालांकि अभी दोनों शव बरामद नहीं हुए हैं।

डीसीपी उत्तरी के मुताबिक गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से घाघरा नदी में दोनों शवों की तलाश कराई जा रही है।

कार सीतापुर में मिली थी लावारिस

डीसीपी के मुताबिक पवन कुमार गर्ग के लापता होने के बाद उनके परिजन ने थाने में सूचना दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। इसी दौरान उनकी कार सीतापुर जिले के कमलापुर क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली।

जांच के दौरान पुलिस को नितिन मिश्रा की भूमिका संदिग्ध मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पुलिस के मुताबिक उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की और अपने साथियों के बारे में जानकारी दी।

पांच आरोपित गिरफ्तार

इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र के मुताबिक पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता नितिन मिश्रा उर्फ डबलू पुत्र स्व. अमरेश मिश्रा के अलावा अवनीश कुमार मौर्या पुत्र स्व. गिरीश चंद, प्रकाश सिंह पुत्र चंद्रभान सिंह, सूरज सिंह पुत्र रामराज सिंह और मोहित सिंह पुत्र राजेश सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित इटौंजा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।

चेन, अंगूठी और दो वाहन बरामद

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से मृतक पवन कुमार गर्ग की चेन, अंगूठी, घटना में इस्तेमाल दो चार पहिया वाहन और अन्य कागजात बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर

#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #ipnlive #ipnnews #ipn #Lucknow #Madiyaon #LucknowPolice #CrimeNews #Kidnapping #MurderCase #BreakingNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.