सुशांत गोल्फ सिटी में खाकी शर्मसार: चेकिंग के नाम पर सराफा कारोबारी से लूट, दो पुलिसकर्मियों ने साथियों संग रची थी साजिश
Khaki shamed in Sushant Golf City: Two policemen robbed a bullion trader in the name of checking, a conspiracy hatched with colleagues.
IPN Live
Lucknow, 26 Nov, 2026 08:56 PMपांच आरोपी गिरफ्तार, 844 ग्राम सोना, सोने के टुकड़े, 1.82 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कार्पियो बरामद
लखनऊ, 26 नवंबर 2026 (आईपीएन)। राजधानी में एक बार फिर खाकी की आड़ में अपराध को अंजाम देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी को पुलिसकर्मी बनकर रोकने और उससे सोने के जेवरात व नकदी लूटने की वारदात में दो पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल दोनों पुलिसकर्मी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 844 ग्राम सोना, सोने के टुकड़े, 1,82,500 रुपये नकद और लूट में इस्तेमाल स्कार्पियो बरामद की गई है।
यह मामला एक बार फिर पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और वर्दी की आड़ में अपराध करने वालों पर सवाल खड़े कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी राजीव कृष्ण और पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा की सख्ती के बावजूद पुलिसकर्मियों की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की चुनौती बनी हुई है।
बस रुकवाकर कारोबारी को जबरन कार में बैठाया, फिर लूटकर हुए फरार
पश्चिम बंगाल निवासी और वर्तमान में नई दिल्ली में रह रहे सराफा कारोबारी महेंद्र दास पुत्र मनोरंजन दास ने 25 नवंबर 2026 को सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने जीजा छोटू साहू के साथ सोने के जेवरात बनाने और ऑर्डर मिलने पर व्यापारियों तक पहुंचाने का काम करते हैं।
शिकायत के मुताबिक, 21 नवंबर की रात वह जौनपुर से दिल्ली जाने के लिए खुजराहों ट्रैवल्स की बस में सवार थे। देर रात करीब डेढ़ बजे सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने कुछ लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बस रुकवा ली। इसके बाद कारोबारी महेंद्र दास को जबरन खींचकर कार में बैठा लिया और जेवरात से भरा बैग तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।
250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर खुली पोल
दिनदहाड़े नहीं बल्कि देर रात पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर की गई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में पुलिस की दस टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस वारदात में आम अपराधियों के साथ पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
पांच गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी अभी फरार
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर के चारसू चौराहा बड़तल्ला निवासी प्रीतम सोनी, कानपुर के केशव नगर निवासी अविनाश शाही, आदर्श नगर निवासी राहुल चौहान, देवरिया के सोहनपुर निवासी दुर्गेश कुमार कुशवाहा और पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर निवासी तथा वर्तमान में जौनपुर में रह रहे तिलक माझी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर और उसका सगा भाई रवि शंकर भी शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके अलावा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पहले भी खाकी को शर्मसार कर चुके हैं पुलिसकर्मी
राजधानी में पुलिसकर्मियों की आपराधिक गतिविधियों का इतिहास नया नहीं है। श्रवण साहू हत्याकांड से लेकर गोसाईंगंज में कोयला कारोबारी के फ्लैट में हुई एक करोड़ 85 लाख रुपये की डकैती तक, कई मामलों में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आ चुकी है।
वर्ष 2019 में गोसाईंगंज थाने में तैनात पुलिसकर्मियों पर कोयला कारोबारी अंकित अग्रहरि के फ्लैट में डकैती डालने का आरोप लगा था। वर्ष 2018 में गोमतीनगर में एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में बर्खास्त सिपाही प्रशांत चौधरी का नाम सामने आया था। वहीं वर्ष 2013 में गाजीपुर थाने में तैनात इंस्पेक्टर संजय राय पर मासूम माज अहमद की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था।
सुशांत गोल्फ सिटी की ताजा वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब वर्दी पहनने वाले ही पुलिस का डर दिखाकर लूटपाट करने लगें तो आम नागरिक की सुरक्षा और पुलिस पर भरोसे का क्या होगा?
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#LucknowCrime #SushantGolfCity #PoliceCrime #GoldLoot #UPPolice #CrimeNews #LucknowNews #खाकीपरदाग #पुलिसकर्मी #लूटकांड #सराफाकारोबारी #लखनऊपुलिस #अपराधसमाचार #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.