प्रेमिका ने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर कराई रामकिशोर बाल्मीकि की हत्या, तीन गिरफ्तार
Girlfriend conspired with another lover to murder Ramkishore Balmiki, three arrested
IPN Live
Lucknow, 18 Sep, 2026 08:28 PMमोहनलालगंज में बक्से में मिला था शव, CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज; ई-रिक्शा और आलाकत्ल बरामद
लखनऊ, 18 सितंबर 2026 (आईपीएन)। मोहनलालगंज क्षेत्र के भावा खेड़ा में हाईवे किनारे मदारी खेड़ा रोड पर लकड़ी के बक्से में मिले रामकिशोर बाल्मीकि हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक रामकिशोर की हत्या उसकी प्रेमिका सोफिया बानो ने अपने दूसरे प्रेमी मुन्ना उर्फ मुच्छड़ और अन्य साथियों के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक अपचारी को पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा और आलाकत्ल बरामद किया गया है।
बक्से में मिला था शव
16 सितंबर को मोहनलालगंज क्षेत्र के भावा खेड़ा में हाईवे किनारे मदारी खेड़ा रोड पर नहर में एक लकड़ी का बक्सा पड़ा मिला था। बक्सा खोलने पर उसमें एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।
अगले दिन शव की पहचान दुबग्गा थाना क्षेत्र के छंदोइया खेड़ा निवासी रामकिशोर बाल्मीकि के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा दिखाई दिया। ई-रिक्शा के नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के निजी संबंधों और घटना से जुड़े लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
चार साल से रामकिशोर के साथ रह रही थी सोफिया
पुलिस के अनुसार बिजनौर थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय सोफिया का रामकिशोर बाल्मीकि से करीब चार साल से संबंध था और दोनों साथ रह रहे थे। इसी दौरान सोफिया के दुबग्गा क्षेत्र के महिपत मऊ निवासी मुन्ना उर्फ मुच्छड़ से भी प्रेम संबंध हो गए।
पुलिस का कहना है कि जब रामकिशोर को सोफिया के दूसरे प्रेम संबंध की जानकारी हुई तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा। पुलिस के मुताबिक इसी के बाद सोफिया ने कथित तौर पर मुन्ना के साथ मिलकर रामकिशोर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
सोते समय चाकू से हमला करने का आरोप
DCP दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक पूछताछ में सोफिया ने पुलिस को बताया कि 14/15 सितंबर की रात योजना के तहत उसने अपने प्रेमी मुन्ना, उसके साथी इकबाल और एक अपचारी को फोन कर बुलाया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सोते समय रामकिशोर पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को लकड़ी के बक्से में रखा गया और ई-रिक्शा से मोहनलालगंज क्षेत्र में नहर किनारे ले जाकर फेंक दिया गया।
तीन गिरफ्तार, एक अपचारी पुलिस संरक्षण में
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज रामबाबू सिंह की टीम ने शुक्रवार को मामले में तालकटोरा क्षेत्र के तेजी खेड़ा के पीछे कलंदर खेड़ा निवासी मोहम्मद इकबाल उर्फ बशीर अहमद (40), दुबग्गा क्षेत्र के महिपत मऊ निवासी मुन्ना उर्फ मुच्छड़ (52) और बिजनौर के कटरा मोहल्ला निवासी सोफिया पत्नी अकरम (35) को गिरफ्तार किया।
वहीं, घटना में शामिल एक अपचारी को पुलिस ने संरक्षण में लिया है। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की जांच करने के साथ ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका और हत्या के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट: ए. अहमद सौदागर

No Previous Comments found.