बंथरा में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, घर के भीतर मिला खून से लथपथ शव
Elderly woman found murdered in Banthra; her body covered in blood
IPN Live
Lucknow, 18 Sep, 2026 03:40 PMखुर्रमपुर गांव में सनसनी, अकेले रह रही महिला बनीं हत्यारों का निशाना
ए. अहमद सौदागर
लखनऊ, 18 सितम्बर 2026 (आईपीएन)। राजधानी में लगातार सामने आ रही हत्या की वारदातों के बीच बंथरा थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज हत्याकांड ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार देर रात मवई पुलिस चौकी क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव में अकेले रह रही 65 वर्षीय छिदाना गौतम की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए और आसपास रहने वाले लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। पुलिस शुरुआती जांच में किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जता रही है।
पति की मौत के बाद अकेले रह रही थीं छिदाना गौतम
खुर्रमपुर गांव निवासी छिदाना गौतम के पति शंकर सिंह का कुछ समय पहले निधन हो चुका था। उनकी दो बेटियांकर जीवन यापन कर रही थीं। वह घर के सभी कार्य स्वयं करती थीं।
सुबह नहीं खुला दरवाजा तो हुई घटना की जानकारी
शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक छिदाना गौतम घर से बाहर नहीं निकलीं तो पड़ोसियों को चिंता हुई। लोगों ने कई बार उन्हें आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के भीतर का नजारा देखकर सन्न रह गई। कमरे में बुजुर्ग महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
धारदार हथियार से गला रेतकर की गई हत्या
पुलिस जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। इसके अलावा मुंह और नाक से भी खून बह रहा था। पुलिस का मानना है कि हत्या किसी धारदार हथियार, संभवतः चाकू, से गला रेतकर की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिचित पर गहरा रहा शक
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक घर का दरवाजा बंद मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि मृतका ने किसी परिचित व्यक्ति को ही रात में घर के अंदर प्रवेश दिया होगा। पुलिस का मानना है कि हत्यारा पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचा था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
डॉग स्क्वायड ने दिए अहम संकेत
जांच के दौरान डॉग स्क्वायड मृतका के कमरे से निकलकर मकान की छत और आसपास के हिस्सों तक पहुंचा। इसके बाद खोजी कुत्ता करीब पांच सौ मीटर दूर जाकर रुक गया और काफी देर तक उसी क्षेत्र में मंडराता रहा। पुलिस अब इस आधार पर मृतका के परिचितों और करीबी लोगों की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
बुजुर्गों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
गौरतलब है कि राजधानी में पिछले कुछ दिनों के दौरान हत्या की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कृष्णानगर, मोहनलालगंज, मड़ियांव, काकोरी और अब बंथरा में हुई वारदातों ने कानून-व्यवस्था और विशेष रूप से बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर समय-समय पर योजनाएं बनाई गईं, लेकिन उनका प्रभाव जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अकेले रहने वाले बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
आईपीएन
#Banthra #Lucknow #LucknowCrime #Khurrampur #MurderCase #ElderlyWomanMurder #BanthraPolice #LucknowPolice #CrimeNews #UPNews #BreakingNews #SeniorCitizenSafety #LawAndOrder #AhmedSaudagar #IPN #IPNNews #UttarPradesh #CrimeAlert #DogSquad #ForensicTeam #PoliceInvestigation #LatestNews #HindiNews #LucknowUpdate #ElderSafety

No Previous Comments found.