दिल्ली पुलिस ने खोली लखनऊ पुलिस की नींद! जानकीपुरम में किराये के मकान से चल रही थी हेरोइन फैक्ट्री, छह महीने तक बेखबर रही स्थानीय पुलिस
Delhi Police woke up Lucknow Police! A heroin factory was operating from a rented house in Jankipuram, but the local police remained unaware for six months.
IPN Live
Lucknow, 7 Oct, 2026 12:12 AMगलियों में उगते रहे नशे के बीज, बाहर की टीम ने किया भंडाफोड़
दिल्ली से शुरू हुई जांच, लखनऊ में खुला राज
इस सनसनीखेज कार्रवाई की नींव 16 सितंबर 2026 को दिल्ली के बेगमपुर में पड़ी थी, जब दिल्ली पुलिस ने ग्रैंड विटारा कार से नशीले पदार्थ की खेप लेकर पहुंचे लक्ष्मण हुड्डा को 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया था।
इसके अगले दिन 17 सितंबर को पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरोह के एक अन्य सदस्य अनिल उर्फ भोला को दबोच लिया। पूछताछ में मिले सुरागों ने जांच एजेंसियों को सीधे लखनऊ पहुंचा दिया।
सीता कॉलोनी में चल रहा था 'नशे का कुटीर उद्योग'
दिल्ली पुलिस की टीम ने रविवार तड़के जानकीपुरम की सीता कॉलोनी में छापा मारकर एक किराये के मकान में चल रही अवैध हेरोइन फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। मौके से बबलू नामक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि यह पूरा नेटवर्क पिछले करीब छह माह से इलाके में सक्रिय था और मकान के भीतर नशीले पदार्थ तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई की जा रही थी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रिहायशी इलाके में इतना बड़ा अवैध कारोबार चलता रहा और स्थानीय पुलिस तथा नारकोटिक्स इकाइयों को इसकी जानकारी तक नहीं हुई।
भारी मात्रा में हेरोइन और केमिकल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को 6.275 किलोग्राम अवैध हेरोइन, 2.504 किलोग्राम सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक पदार्थ और मादक पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए। बरामदगी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां छोटे स्तर पर नहीं बल्कि संगठित तरीके से नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई ने जानकीपुरम पुलिस की गश्त, खुफिया तंत्र और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस इलाके में रोजाना पुलिस की आवाजाही होती है, वहां यदि महीनों तक अवैध मादक पदार्थों की फैक्ट्री संचालित होती रहे तो यह कानून-व्यवस्था के लिए चिंताजनक संकेत माना जा रहा है।
नशे की मंडी बनती राजधानी
पिछले कुछ वर्षों में राजधानी लखनऊ कई बार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों को लेकर सुर्खियों में रही है। तस्कर फर्जी पहचान और किराये के मकानों का सहारा लेकर अंतरराज्यीय नेटवर्क खड़ा कर रहे हैं। सीता कॉलोनी का खुलासा भी इसी संगठित सिंडिकेट की ओर इशारा करता है, जो अपने भरोसेमंद लोगों के जरिए उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता है।
एक गिरफ्तारी ने खोल दिए कई राज
सीता कॉलोनी से पकड़े गए तस्कर बबलू की गिरफ्तारी ने न केवल एक बड़े रैकेट की परतें खोल दी हैं बल्कि यह भी उजागर कर दिया है कि राजधानी में नशे के सौदागर किस तरह रिहायशी इलाकों को अपनी सुरक्षित पनाहगाह बना रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इस खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस केवल सफाई देती है या फिर पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए ठोस कार्रवाई करती है।
रिपोर्ट : ए. अहमद सौदागर
#Lucknow #Jankipuram #DrugFactory #HeroinRacket #DelhiPolice #UPPolice #CrimeNews #BreakingNews #Narcotics #DrugMafia #IPNNews #AhmedSaudagar #LucknowCrime #HeroinFactory #SpecialReport

No Previous Comments found.