अदालत के आदेश बेअसर! कैसरबाग में धड़ल्ले से सुलग रहा था हुक्का बार, पुलिस के छापे में 42 धराए

Court orders ineffective! Hookah bar in Kaiserbagh was blazing, police raid arrested 42 people.

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 6 Oct, 2026 07:55 PM
अदालत के आदेश बेअसर! कैसरबाग में धड़ल्ले से सुलग रहा था हुक्का बार, पुलिस के छापे में 42 धराए

लखनऊ, 06 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)।
अदालत की सख्ती, प्रशासनिक चेतावनियों और प्रतिबंधों के बावजूद राजधानी में हुक्का बार का अवैध कारोबार बेखौफ जारी है। ताजा मामला कैसरबाग इलाके का है, जहां होटल सिटी की ऊपरी मंजिल पर संचालित कैफे टेल्स में खुलेआम हुक्का परोसा जा रहा था। सूचना मिलते ही कैसरबाग पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर पूरे ठिकाने का भंडाफोड़ कर दिया। कार्रवाई के दौरान हुक्का पी रहे और परोस रहे 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

हुक्के के धुएं में उड़ाई जा रही थीं कानून की धज्जियां

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कैफे टेल्स की चौथी मंजिल पर बड़ी संख्या में युवक अलग-अलग टेबलों पर बैठकर हुक्के का कश लगा रहे थे। प्रतिबंध के बावजूद यहां ग्राहकों को बाकायदा फ्लेवरयुक्त हुक्के परोसे जा रहे थे। पुलिस टीम के पहुंचते ही कैफे में भगदड़ मच गई और कई लोग बचकर निकलने का प्रयास करने लगे।

पुलिस ने की घेराबंदी, 42 मौके से दबोचे

कैसरबाग पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर मौके से 42 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि छापेमारी के दौरान कुछ लोग पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है।

हुक्का बार से मिला भारी जखीरा

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14 हुक्के, छह क्षतिग्रस्त हुक्के, दस पाइप, छह भरी चिलम, 20 खाली चिलम, 11 फ्लेवर पैकेट, तीन मोबाइल फोन और 2,420 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान इस बात की पुष्टि करता है कि कैफे में लंबे समय से हुक्का बार का संचालन किया जा रहा था।

मुखबिर की सूचना ने खोला राज

इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिटी होटल के ऊपर स्थित कैफे टेल्स में अवैध हुक्का बार संचालित किया जा रहा है और ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर कार्रवाई की।

पूछताछ में संचालकों के नाम आए सामने

गिरफ्तार आरोपित शाहरुख अंसारी ने पूछताछ में बताया कि कैफे में नियमित रूप से ग्राहकों को हुक्का परोसा जाता था। उसने पुलिस को बताया कि कैफे का संचालन सैयद जिया अली उर्फ दाऊद, बिलाल और सारिक द्वारा किया जा रहा था। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में इस अवैध धंधे को संचालित किया जा रहा था।

फरार आरोपितों पर भी शिकंजे की तैयारी

पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपितों की तलाश के साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रतिबंध के बावजूद हुक्का बार को संरक्षण कौन दे रहा था और यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था।

रिपोर्ट : ए. अहमद सौदागर

#Lucknow #HookahBar #Kaiserbagh #LucknowPolice #CrimeNews #BreakingNews #IPNNews #UttarPradesh #CafeTales #PoliceRaid #HookahRaid #AhmedSaudagar

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.