सीपीआर देकर बुजुर्ग को जीवनदान देने वाले आरक्षी संदीप यादव सम्मानित
Constable Sandeep Yadav honored for saving the life of an elderly person by giving CPR
IPN Live
Lucknow, 12 Oct, 2026 10:31 PMलखनऊ, 12 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)।
महानगर क्षेत्र के डंडहिया मार्केट में मानवता, कर्तव्यनिष्ठा और सूझबूझ की मिसाल पेश करने वाले रहीमनगर पुलिस चौकी पर तैनात आरक्षी संदीप यादव को पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आरक्षी ने समय रहते सीपीआर देकर एक बुजुर्ग की जान बचाई थी।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-सी निवासी अनिल लांबा रविवार को अपनी पत्नी के साथ डंडहिया मार्केट में सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान वह अचानक सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े। घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग उन्हें संभालने का प्रयास करने लगे।
इसी बीच मौके पर पहुंचे आरक्षी संदीप यादव ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए सीपीआर देना शुरू कर दिया। उन्होंने बुजुर्ग को मुंह से सांस देने के साथ सीने पर लगातार दबाव बनाकर जीवनरक्षक प्रयास किए। उनकी त्वरित कार्रवाई और प्रशिक्षण का असर कुछ ही मिनटों में दिखाई दिया और बुजुर्ग की सांसें सामान्य होने लगीं।
होश में आने के बाद आरक्षी ने उन्हें पानी पिलाया, कुर्सी पर बैठाकर उनकी देखभाल की। इसी दौरान अनिल लांबा के पुत्र सिद्धांत लांबा भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें घर ले गए। परिजनों ने आरक्षी संदीप यादव का आभार जताते हुए उन्हें ढेरों दुआएं दीं।
घटना की जानकारी पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची तो आरक्षी के सराहनीय कार्य की खूब प्रशंसा हुई। सोमवार को पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने अपने कार्यालय में आरक्षी संदीप यादव को बुलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आरक्षी ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए न केवल एक व्यक्ति की जान बचाई, बल्कि पुलिस विभाग की संवेदनशील और जनसेवी छवि को भी मजबूत किया है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे और अपने अच्छे कार्यों से विभाग का मान-सम्मान बढ़ाए।
समय पर दी गई सीपीआर से बची एक जिंदगी ने यह साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में त्वरित निर्णय और मानवता की भावना किसी के लिए जीवनदान साबित हो सकती है।
रिपोर्ट : ए. अहमद सौदागर
#Lucknow #CPR #SandeepYadav #UPPolice #TarunGaba #PoliceHero #HumanityFirst #LifeSavingAct #DandahiyaMarket #PoliceCommissioner #PublicService #InspiringNews #लखनऊ #यूपीपुलिस #सीपीआर #मानवता #जनसेवा #पुलिस_का_मान #प्रेरणादायक_खबर #संदीप_यादव

No Previous Comments found.