सीसीटीवी ने खोला चिनहट की चोरी का राज, बाराबंकी से दबोचा गया आरोपी
CCTV reveals the secret of Chinhat theft, accused arrested from Barabanki
IPN Live
Lucknow, 24 Sep, 2026 08:44 PM30 जुलाई की वारदात में घर को निशाना बनाने वाले गिरोह तक पहुंची पुलिस, गैस सिलेंडर, दो साड़ी और नकदी बरामद
लखनऊ, 24 सितंबर 2026 (आईपीएन)। चिनहट के मटियारी स्थित कांतिपुरम में घर में घुसकर चोरी करने वाले गिरोह तक पुलिस आखिरकार पहुंच गई। 30 जुलाई को हुई चोरी की वारदात के बाद खंगाली गई सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चिनहट पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी का एक गैस सिलेंडर, दो साड़ी और नकदी बरामद हुई है।
मामला मटियारी के पास स्थित बी-5 ओम साई विष्णु विहार कॉलोनी, कांतिपुरम का है। यहां रहने वाले विनय कुमार तिवारी ने 30 जुलाई को चिनहट थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात लोग उनके घर में घुसकर कीमती सामान चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को सूचना के आधार पर बाराबंकी जिले के माती थाना क्षेत्र स्थित जसमडा गांव निवासी धीरज पुत्र रघुनाथ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक गैस सिलेंडर, दो साड़ी और नकदी बरामद हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा गिरोह ने इससे पहले किन घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र राय, हेड कांस्टेबल आनन्द सिंह और कांस्टेबल विनय शुक्ला शामिल रहे।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #ipnlive #ipnnews #ipn #Chinhat #Lucknow #LucknowPolice #CrimeNews #Theft #TheftCase #PoliceAction #CCTV #CrimeReport #UttarPradeshPolice

No Previous Comments found.