लखनऊ में खूनी तांडव: चबूतरे के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या
Bloody rampage in Lucknow: Three members of the same family shot dead over a platform dispute
IPN Live
Lucknow, 27 Oct, 2026 08:45 AMसआदतगंज के नौबस्ता में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से दहली राजधानी, एक युवक घायल
आरोपी ऋषभ शुक्ला गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल और खोखे बरामद
ए अहमद सौदागर
लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। राजधानी के सआदतगंज क्षेत्र स्थित नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में सोमवार सुबह चबूतरे के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने कथित तौर पर अवैध पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। मृतकों की पहचान 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी, 55 वर्षीय शिवेंद्र तिवारी और 30 वर्षीय सुयश तिवारी के रूप में हुई है। गोली लगने से एक अन्य युवक भी घायल हो गया।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी ऋषभ शुक्ला को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
https://youtube.com/shorts/ghH3wULUrNc?si=b8lFXw1B0LKNCPFf
चबूतरे के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बरगद के पेड़ के नीचे बने चबूतरे के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर शिवाजी तिवारी, शिवेंद्र तिवारी और सुयश तिवारी का पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
फायरिंग में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य युवक के घायल होने की भी सूचना है।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद शुरू होने के कुछ ही देर बाद गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। अचानक हुई फायरिंग से लोग दहशत में आ गए। आरोप है कि ऋषभ शुक्ला ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे एक ही परिवार के तीन लोग गिर पड़े।
वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई भी की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल कथित अवैध पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मौके से चार-पांच खोखे मिलने की जानकारी सामने आई है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से मचा कोहराम
मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। सुयश तिवारी, शिवाजी तिवारी का बेटा था, जबकि शिवेंद्र तिवारी उनके भाई थे। तीनों की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देने में जुट गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी दिखाई दिया। कुछ लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिस पहुंच जाती तो शायद जानें बचाई जा सकती थीं।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एहतियातन कई थानों की पुलिस तैनात की गई। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
#LucknowTripleMurder #LucknowCrime #Saadatganj #BreakingNews #UPCrimeNews #CrimeNews #TripleMurder #UttarPradeshPolice #LucknowPolice #LawAndOrder #लखनऊहत्याकांड #लखनऊक्राइम #सआदतगंज #तीनहत्याएं #दिनदहाड़ेफायरिंग #उत्तरप्रदेशपुलिस #अपराधसमाचार #एअहमदसौदागर
#IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

No Previous Comments found.