महिगवां में खूनी खेल: चाचा ने बांके से भतीजे को काट डाला, अस्पताल में मौत

Bloody game in Mahigaon: Uncle hacks nephew to death with a sickle, dies in hospital

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 20 Oct, 2026 06:20 PM
महिगवां में खूनी खेल: चाचा ने बांके से भतीजे को काट डाला, अस्पताल में मौत

पत्नी से विवाद सुलझाने पहुंचे भतीजे पर चाचा ने किया जानलेवा हमला, लाठी लगने से आरोपी भी घायल

शुक्लन पुरवा गांव में वारदात से मचा हड़कंप, हत्या का मुकदमा दर्ज

लखनऊ, 20 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। महिगवां थाना क्षेत्र के शुक्लन पुरवा गांव में सोमवार रात घरेलू विवाद सुलझाने पहुंचे 30 वर्षीय युवक की उसके ही चाचा ने बांके से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। चाचा-चाची के बीच हो रही कहासुनी को शांत कराने पहुंचे दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम पर उसके चाचा गुड्डन मिश्रा ने हमला कर दिया। खूनी संघर्ष में दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि लाठी लगने से आरोपी चाचा भी जख्मी हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दिव्यांशु की मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

चाचा-चाची के विवाद में भतीजे की गई जान

पुलिस के मुताबिक, ग्राम पंचायत परसहिया के शुक्लन पुरवा गांव में सोमवार रात गुड्डन मिश्रा और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। पड़ोस में रहने वाला दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा और दोनों को समझाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान गुड्डन की अपने भतीजे से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि गुड्डन ने बांके से दिव्यांशु पर ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। बचाव में दिव्यांशु ने भी लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे गुड्डन घायल हो गया। गंभीर चोटों के कारण दिव्यांशु मौके पर गिर पड़ा।

अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी भी भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया। गुड्डन मिश्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हत्या का मुकदमा दर्ज, इलाज के बाद होगी पूछताछ

डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर आरोपी गुड्डन मिश्रा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर

#LucknowCrime #Mahigawan #CrimeNews #MurderCase #UttarPradeshNews #UPPolice #लखनऊ #महिगवां #हत्या #क्राइम_न्यूज #आईपीएन #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.