बीए छात्रा ने हॉस्टल में दी जान, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; मोबाइल खंगाल रही पुलिस

BA student commits suicide in hostel, body found hanging in room; police investigating mobile phone

IPN Live

IPN Live

Lucknow, 24 Sep, 2026 08:05 AM
बीए छात्रा ने हॉस्टल में दी जान, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; मोबाइल खंगाल रही पुलिस

लखनऊ, 23 सितम्बर 2026 (आईपीएन)। चिनहट क्षेत्र स्थित वासुदेव डिग्री गर्ल्स कॉलेज के छात्रावास में बुधवार को बीए तृतीय वर्ष की छात्रा का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी की रहने वाली थी छात्रा

मृतका की पहचान बाराबंकी जिले के रिछला, सूरतगंज निवासी 21 वर्षीय रिया वर्मा के रूप में हुई है। रिया वासुदेव डिग्री गर्ल्स कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी और कॉलेज परिसर स्थित गर्ल्स हॉस्टल के कमरा नंबर छह में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

कमरे में लटका मिला शव

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह रिया अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। कुछ समय बाद उसका शव हॉस्टल के कमरे में पंखे के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं और कॉलेज स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में पढ़ाई के दबाव समेत अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

मोबाइल फोन की होगी जांच

मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। कॉल डिटेल, मैसेज, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल तथ्यों की जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

परिजनों को दी गई सूचना

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर

#Lucknow #Chinhat #StudentSuicide #HostelNews #VasudevDegreeCollege #LucknowNews #UPNews #BreakingNews #CrimeNews #Barabanki #PoliceInvestigation #EducationNews #IPN #AAhmedSaudagar #LatestNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.