मामूली कहासुनी के बाद नाबालिग बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट
After a minor altercation, a minor son killed his mother.
IPN Live
Lucknow, 2 Oct, 2026 02:53 AMखून से लथपथ शव फ्लैट में मिला, वारदात के बाद शव के पास खड़ा रहा बेटा
राजेंद्र नगर चौराहे के पास विजन अपार्टमेंट की घटना, पुलिस अभिरक्षा में नाबालिग
लखनऊ, 2 अक्टूबर 2026 (आईपीएन)। राजधानी लखनऊ में नाका हिंडोला थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट में गुरुवार देर रात मां-बेटे के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद एक नाबालिग बेटे ने कथित तौर पर अपनी 42 वर्षीय मां गीता भागचंदानी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो नाबालिग बेटा शव के पास मौजूद था। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कमरे में पड़ा मिला खून से लथपथ शव
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गीता भागचंदानी अपने पति राकेश और नाबालिग बेटे के साथ राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट के कमरा नंबर 202 में रहती थीं। गुरुवार देर रात किसी बात को लेकर मां ने बेटे को डांटा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद बढ़ी बात
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कहासुनी के दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर किसी भारी वस्तु से मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
शव के पास खड़ा मिला नाबालिग
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर गीता भागचंदानी का खून से लथपथ शव पड़ा था, जबकि नाबालिग बेटा शव के पास मौजूद था। पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#IPNLIVEUPDATE #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS #PRACHAR_NEWS #ipnlive #ipnnews #ipn #Lucknow #NakaHindola #LucknowPolice #CrimeNews #MurderCase #BreakingNews

No Previous Comments found.