विधानभवन के गेट नंबर-3 पर बच्चों समेत दंपति ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया
A couple and their children attempted suicide at Gate No. 3 of the Vidhan Bhavan, but were rescued by the police.
IPN Live
Lucknow, 13 Nov, 2026 02:58 AMपुश्तैनी जमीन पर कब्जे और सुनवाई न होने का लगाया आरोप, ज्वलनशील पदार्थ डालते ही पुलिसकर्मियों ने दौड़कर बचाई जान
लखनऊ, 13 नवंबर 2026 (आईपीएन)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधानभवन के गेट नंबर तीन के बाहर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दंपति ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दंपति और दोनों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद पुलिस सभी को हजरतगंज कोतवाली ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज शिवानंद मिश्र के मुताबिक, पूछताछ में दंपति ने बताया कि वे बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। दंपति का आरोप है कि उनकी मां की वर्ष 1999 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2000 में उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। पिता की भी 18 फरवरी 2026 को मृत्यु हो गई।
सौतेली मां पर फर्जी आधार कार्ड से पुश्तैनी जमीन कब्जाने का आरोप
दंपति ने पुलिस को बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उनकी सौतेली मां ने कथित रूप से उनकी पहली मां के नाम पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर पुश्तैनी जमीन पर कब्जा कर लिया। दंपति का आरोप है कि इस मामले में उन्होंने स्थानीय पुलिस से लेकर संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तक कई बार शिकायत की, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
दंपति के मुताबिक, लगातार शिकायतों के बावजूद न्याय नहीं मिलने से निराश होकर उन्होंने विधानभवन के बाहर यह कदम उठाने का प्रयास किया।
फिलहाल हजरतगंज पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस जमीन से जुड़े विवाद, फर्जी दस्तावेजों के आरोप और दंपति की ओर से की गई पूर्व शिकायतों की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट : ए अहमद सौदागर
#Lucknow #VidhanBhavan #LucknowPolice #Bahraich #UttarPradesh #LandDispute #UPNews #Hazratganj #लखनऊ #विधानभवन #आत्मदाहकाप्रयास #बहराइच #पुश्तैनीजमीन #पुलिसजांच #IPN #IPNLIVE #IPNNEWS #PRACHARNEWS #PRACHARDOTNEWS

No Previous Comments found.