कुंभ में मौत छिपाने के मामले में कोर्ट ने थाने से आख्या मांगी
Court seeks report from police station in case of hiding death in Kumbh
IPN Live
Lucknow, 14 Feb, 2025 03:35 PMलखनऊ, (आईपीएन)। स्पेशल सीजेएम लखनऊ कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने कुंभ में मौत के आंकड़ों से छेड़छाड़ तथा उप निरीक्षक अंजनी कुमार राय की मौत के मामले में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर थाना हजरतगंज से आख्या तलब किया है.
अमिताभ ठाकुर ने पुलिस को भेजी अपनी शिकायत में कहा था कि बीते दिनों तीन स्थानों पर हुई भगदड़ की घटना के संबंध में आधिकारिक रूप से 30 व्यक्तियों की मृत्यु की बात कही जा रही है.
इसके विपरीत विभिन्न विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट से यह प्रमाणित होता दिखता है कि मृत्यु की संख्या कम से कम 67 है, जो 100 तक होना कहा जा रहा है.
इसी प्रकार उप निरीक्षक अंजनी राय की मौत के मामले में हुई सत्यता छुपाने के गंभीर आरोप लग रहे हैं. उल्टे जिन लोगों द्वारा कुंभ से जुड़ी सच्चाइयों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, उनके विरुद्ध आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किए जाने के तमाम उदाहरण सामने आए हैं.
थाने और पुलिस कमिश्नर द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं करने पर कोर्ट में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था. कोर्ट ने इंस्पेक्टर हजरतगंज से 25 फरवरी 2025 तक इस संबंध में आख्या देने को कहा है.

No Previous Comments found.